हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है

हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है।
हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है॥

क्या कुछ नहीं है पाया, आँचल में तेरे आके।
हम पा गए हैं सब कुछ, नजदीक तेरे आके॥
हँस-हँस के दे रहा है, कण-कण तेरी गवाही।
सर झुक गया हमारा, साकार तुझको पाके॥
तेरी ही ज्योति जग में, जीवन जगा रही है॥
हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है॥

संदेश दे रहा तू, हर फूल में हँसी का।
सन्देश दे रहा तू, हर डाल में खुशी का॥
मस्ती से पात-पात में, ताली बजा रहा है।
चंचल हवा में भारी, आँचल उड़ा रहा है॥
ऐसी छटा निराली, हर ओर छा रही है।
हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है॥

थिरकन दिखाई तूने, बन कर मयूर वन में।
पंचम स्वरों में बोला, कोयल के श्याम तन में॥
बन के पपीहरा तू, पी-पी की रट लगाता।
मधुमास बन के मीठी, यादें सदा दिलाता॥
पुलकन पुनीत ऐसा, संगीत गा रही है।
हे नाथ याद तेरी, मन को सता रही है॥